मानसून का प्रभाव अभी भी कई राज्यों में दिखाई दे रहा है, जहाँ भारी बारिश हो रही है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून जा चुका है। 24 सितंबर 2025 को दिल्ली से मानसून की विदाई हो गई। आज दिल्ली में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और दिन में तेज धूप खिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में उमस महसूस हो सकती है। कल भी दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। 27 तारीख को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। 30 तारीख तक दिल्ली के आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से बारिश लाने को तैयार है। आज पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। 26 सितंबर को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 27, 28 और 29 तारीख को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में केवल ढाई घंटे में 185 मिमी बारिश हुई, जिससे सड़कें पानी से भर गईं। अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है।