दिल्ली सहित कई राज्यों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 सितंबर को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित कई राज्यों से वापस लौट चुका है। दिल्ली से मानसून की वापसी के बाद प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है। आज राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय उत्तर-पूर्व दिशा से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन पश्चिमी यूपी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 28, 29 और 30 सितंबर को भी बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में मौसम फिलहाल ठीक है, जबकि बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और विदर्भ में 27 से 29 सितंबर के बीच भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और गोवा में बारिश की संभावना है। गुजरात में भी शनिवार से लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है।