प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20वीं किस्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के किसानों के साथ वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2019 से अब तक देशभर के किसानों को 3.75 लाख करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर काम कर रही है और पीएम किसान निधि इसका एक सशक्त उदाहरण है। कृषि विकास में पिछड़े जिलों के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना शुरू की गई है, जिसके लिए 24 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रधानमंत्री ने सिंचाई योजनाओं में निवेश और प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की सुरक्षा के लिए फसल बीमा योजना के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर बात करते हुए कहा कि 1.5 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं और भगवान महादेव से छत्तीसगढ़ की समृद्धि की कामना की। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के लगभग 25 लाख से अधिक किसानों को 553 करोड़ 34 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार किसानों की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है, और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की कीमत देकर किसानों की आय को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के दस दिनों के भीतर 3716 करोड़ रुपये की बकाया बोनस राशि का भुगतान किया गया।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया, जैसे कि सिंचाई का रकबा बढ़ाना, बस्तर क्षेत्र में विकास कार्य, दलहन-तिलहन फसलों को बढ़ावा देना, भूमिहीन कृषि मजदूरों को सहायता और दुधारू पशु वितरण योजना।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों को सीधे उनके खातों में राशि भेज रही है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 25.47 लाख से अधिक किसानों के खातों में 553 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार आधुनिक कृषि उपकरणों और तकनीकों का उपयोग करके खेती को नई दिशा दे रही है और कृषि संकल्प अभियान के माध्यम से किसानों तक पहुंच रही है।