छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मंदिर के पुजारी की हत्या ने सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझा लिया है। जांच में पता चला कि मामला अवैध संबंधों से जुड़ा था। पुजारी जागेश्वर पाठक का एक शादीशुदा महिला के साथ अवैध संबंध था। महिला के पति ने ही पुजारी की हत्या की साजिश रची और उसे बेरहमी से मार डाला। पुलिस ने आरोपी पति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुजारी को पूजा के बहाने बुलाया गया था, फिर सस्पेंशन पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। यह घटना 31 अगस्त की है, जब तखतपुर थाना क्षेत्र के सूरीघाट में पाठ बाबा मंदिर परिसर में पुजारी जागेश्वर पाठक का शव खून से लथपथ पाया गया। उसके सिर पर चोट के निशान थे। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची।
बिलासपुर एसएसपी राजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और परिचितों के बयानों के आधार पर सभी पहलुओं से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पुजारी के एक महिला के साथ अवैध संबंध होने का पता चला। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी सुरेश, हेमकुमार, धनराज, मुकेश और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के कारण इलाके में दहशत का माहौल था। एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, तखतपुर थाना टीम और ACCU टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस की सक्रियता के कारण अंधे कत्ल की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझा ली गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी सुरेश की पत्नी के साथ मृतक पुजारी के अवैध संबंध थे। मंदिर के सामने खेत में खेती के दौरान आरोपी की पत्नी के साथ उसके अवैध संबंध बन गए थे।
अवैध संबंधों के कारण पति गुस्से में था। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेश धुरी और उसकी पत्नी का 6 महीने पहले सामाजिक तलाक हो गया था। आरोपी पुजारी से इसी अवैध संबंध के कारण बदला लेना चाहता था। शनिवार रात को, उसने अपने दोस्तों के साथ पुजारी को मोटरसाइकिल की पूजा के बहाने बाहर बुलाया। इस दौरान ईंट और सस्पेंशन पाइप से पुजारी पर हमला किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जांच के बाद पुलिस ने एक नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।