छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान सुभाष कुमार जनबंधु के रूप में हुई है, जो 40 वर्ष के थे। यह घटना बालोद जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के कांदुल गांव की है। मृतक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का रहने वाला था। आरोपी झोलाछाप डॉक्टर का नाम रेखराम साहू है।
मृतक के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। सुभाष पाइल्स की बीमारी से पीड़ित थे और कांदुल के कथित डॉक्टर रेखराम साहू से देसी इलाज करवा रहे थे। आरोपी ने सुभाष के प्राइवेट पार्ट में एक साथ नौ इंजेक्शन लगाए थे। इंजेक्शन लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे पेट फूल गया और उनकी मृत्यु हो गई।