इस समय देश के कई राज्यों में मानसून की जोरदार बारिश हो रही है। कई पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मानसून का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज भी कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अभी लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। दिल्ली में बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है। आज दिल्ली में बारिश के साथ आंधी भी आ सकती है। दिल्ली में यह स्थिति महीने के अंत यानी 31 अगस्त तक बनी रह सकती है। एक और दो सितंबर को बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बारिश थम गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने के बाकी दिनों में यूपी में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। हालाँकि, आज प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी भागों में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन कहीं भी भारी वर्षा की संभावना मौसम विभाग ने नहीं जताई है। 29 और 30 अगस्त को भी प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। एक सितंबर से यूपी में फिर मौसम बदलेगा।
बिहार में 30 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 29-30 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में आज भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान और हरियाणा में अगले 7 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 29 से 31 अगस्त तक बारिश हो सकती है।
पंजाब के कई इलाकों में आज हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण कपूरथला जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पौंग और भाखड़ा बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने और भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों सहित नदी-नालों का जल स्तर तेजी से बढ़ा है।
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और आंतरिक कर्नाटक में 29 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बारिश जारी है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 30 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू में भी गरज के साथ बारिश जारी रहने वाली है। बारिश के कारण भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है। उत्तराखंड में आज और कल, फिर 1-2 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 7 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।