छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चौंकाने वाली हत्या का मामला सामने आया है। अहिवारा वार्ड 3 में एक महिला के बेटों ने अपनी मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान बलविंदर उर्फ बंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटों ने आरोप लगाया कि बलविंदर उनकी मां का प्रेमी और लिव-इन पार्टनर था। जानकारी के अनुसार, महिला कुछ समय पहले अपने पति से अलग हो गई थी। पति से अलग होने के बाद वह बलविंदर के संपर्क में आई और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। लेकिन, महिला के बेटों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना मंगलवार देर रात की है। बलविंदर अक्सर महिला के घर आता-जाता था, जिस पर बेटों को आपत्ति थी। इसके अलावा, बलविंदर की दूसरी महिलाओं के साथ नजदीकी को लेकर भी शक गहराता जा रहा था, जिसके कारण महिला और बलविंदर के बीच मनमुटाव था।
मंगलवार देर रात विवाद इतना बढ़ गया कि बेटों त्रिलोचन और भूपेश ने आपा खो दिया। गुस्से में त्रिलोचन ने फावड़े से और भूपेश ने डंडे से बलविंदर पर हमला कर दिया। हमले के बाद बलविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों बेटों को हिरासत में लिया और पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। महिला का पति से अलग होकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहना और बलविंदर पर चरित्र संबंधी संदेह इस घटना के पीछे मुख्य कारण थे। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।