अक्टूबर महीने की शुरुआत हो चुकी है और बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञानियों ने बताया है कि मानसून की वापसी शुरू हो गई है, लेकिन यह फिर से कई राज्यों में सक्रिय हो रहा है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्रों के कारण कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं देखी जा सकती हैं। दिल्ली में दशहरे के दिन बारिश और आंधी की संभावना है। 3, 4 और 5 अक्टूबर को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, जबकि 6 और 7 तारीख को बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदल गया है, और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दशहरे पर लखनऊ से वाराणसी तक मानसूनी बादलों की परेड होगी। अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, जिसमें अगले 24 घंटों में भारी बारिश भी हो सकती है।
बिहार में भी मौसम बदला है। पटना समेत कई जिलों में बारिश हुई है। दशहरे पर भी राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। 19 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। झारखंड में 3 अक्टूबर तक बादल छाए रहेंगे और दशहरे पर बारिश हो सकती है। राज्य के 12 जिलों में 2 और 3 अक्टूबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
चक्रवाती परिसंचरण के कारण 4 अक्टूबर तक पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में 4 अक्टूबर तक हल्की बारिश हो सकती है, 5 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 6 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 7 अक्तूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।