दक्षिण पश्चिम मानसून का समय जून से सितंबर माना जाता है। मानसून की विदाई हो चुकी है। इस बार मानसून ने कई राज्यों को प्रभावित किया। मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत में मानसून की विदाई के बावजूद कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दशहरे पर भी कई राज्यों में बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में मंगलवार को जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आज भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 2 अक्टूबर यानी कल दशहरे को भी दिल्ली का मौसम ऐसा ही रहने वाला है। 3 और 4 तारीख को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में मंगलवार से मौसम ने मिजाज बदला है। मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर के बीच प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है, यानी दशहरे पर यूपी में बादल बरस सकते हैं। आज पूर्वी और पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं बादल गरज सकते हैं और बिजली चमक सकती है। कई जिलों में मध्यम से हल्की बारिश की भी संभावना है।
बिहार में दशहरे पर बारिश की संभावना है। पूरे राज्य में 2 से 7 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश भागों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आज भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में हल्की बारिश हो सकती है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है।
दक्षिण पश्चिम मानसून महाराष्ट्र में जमकर बरसा है। राज्य के लोगों को बारिश से राहत नहीं है। आज भी राज्य में बरसात होने की आशंका है। हालांकि, 1 और 3 अक्टूबर (दशहरे के बीच) तक कोंकण के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में बारिश में भारी कमी देखी जाएगी। मुंबई, ठाणे और उपनगरों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान के 16 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 3 अक्टूबर तक जारी रह सकता है। दशहरे (2 अक्टूबर) पर भी तेज बरसात की आशंका है। दशहरे पर राजस्थान के 22 जिलों के लिए मौसम विभाग ने बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर लौट आया है। उत्तराखंड में 1 से 2 अक्टूबर (दशहरे) के बीच भारी बारिश हो सकती है। 3 और 4 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में 26 सितंबर को मानसून के पूरी तरह से जाने के बाद मौसम साफ और सुहावना बना हुआ था। राज्य में 1 से 3 अक्टूबर तक मौसम साफ और शुष्क रह सकता है, यानी दशहरे पर बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 4 से 6 अक्टूबर तक मौसम खराब रहेगा और इस दौरान बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के गंगा के विशाल मैदान, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 2 अक्टूबर (दशहरे) से शुरू होकर 5 अक्टूबर तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 1, 2, 3 और 4 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है।