मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर एक महिला को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि महिला अपने सास-ससुर के साथ निजामुद्दीन से मुंबई जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रही थी, तभी आगरा से निकलते ही उसने अपने हाथ की नस काट ली। तुरंत इसकी सूचना ग्वालियर रेलवे स्टेशन प्रशासन को दी गई, जिसके बाद एम्बुलेंस के जरिए महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, निजामुद्दीन से मुंबई की ओर जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में एक महिला कोच नंबर बी10 में अपने सास-ससुर के साथ यात्रा कर रही थी। आगरा तक सब ठीक था। लेकिन आगरा से निकलते ही, न जाने महिला को क्या हुआ कि उसने रेजर ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। यह देखकर ट्रेन में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए। किसी को समझ नहीं आया कि महिला ने अचानक ऐसा क्यों किया?
इसी बीच किसी ने रेल प्रशासन को सूचना दी। जिसके बाद अगले स्टेशन ग्वालियर पर घायल महिला का रेलवे डॉक्टर ने तुरंत प्राथमिक उपचार किया। फिर उसे जयारोग्य अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया जहां महिला का इलाज जारी है।
महिला द्वारा अपने हाथ की नस काटने और ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उसे उतारने के बीच करीब 10 मिनट तक, राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रही। फिर देरी से अपने आगे गंतव्य के लिए रवाना की गई।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने सास-ससुर के साथ सफर कर रही थी। इस दौरान उनके बीच कोई कहासुनी भी नहीं हुई, लेकिन फिर भी महिला ने आत्मघाती कदम उठाया। इस बात को जानकर हर कोई हैरान है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला पहले से ही किसी बात से नाराज थी।
हालांकि, मामले में घायल महिला और उसके सास-ससुर अभी कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं हैं। परिवार के बारे में बताया जा रहा है कि वे उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं। वे सभी रायपुर जा रहे थे। लेकिन इस घटना के बाद यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि महिला को अपने हाथ की नस काटने के लिए मजबूर होना पड़ा।