महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शुक्रवार रात दो समूहों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इसके बाद इलाके में दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई और वाहनों को निशाना बनाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को काबू में किया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस उपद्रव में 4 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
सिद्धार्थनगर में उत्तेजित भीड़ ने एक टेंपो और एक कार में आग लगा दी, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब की वर्षगांठ के मौके पर सिद्धार्थनगर कमान के पास सड़क पर एक मंच बनाया गया था, जिसे हटाने को लेकर तनाव पैदा हो गया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच पथराव हुआ।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया, हालाँकि देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। अब स्थिति शांत है और सिद्धार्थनगर के हर इलाके में पुलिस और स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार ने कहा कि दो समुदायों के बीच झड़प हुई है। गलतफहमी के कारण दोनों समुदायों को अलग कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। आगे की कार्रवाई जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक कार्यक्रम के दौरान दोनों समुदायों के बीच तनाव पैदा हुआ। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश न फैलाएं।