पूरे देश में दिवाली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने आशा व्यक्त की है कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन में सकारात्मकता, खुशियां और समृद्धि लेकर आएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘दिवाली के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि प्रकाश का यह पर्व हमारे जीवन में सद्भाव, सुख और समृद्धि से आलोकित करे। हमारे चारों ओर सकारात्मकता का संचार बना रहे।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देश और दुनिया भर के लोगों को दिवाली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा करने का अवसर प्रदान करता है, जिससे उनके जीवन में आनंद आता है। राष्ट्रपति ने लोगों से सुरक्षित, जिम्मेदारी से और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से दिवाली मनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार आपसी स्नेह और भाईचारे का संदेश देता है, और इस दिन धन-समृद्धि की देवी माँ लक्ष्मी की पूजा की जाती है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। अमित शाह ने भगवान राम से सभी के कल्याण की कामना की, वहीं एस. जयशंकर ने आशा व्यक्त की कि यह पर्व शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दिवाली को ‘सत्य की शाश्वत विजय का पावन प्रतीक’ बताते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिवाली सिर्फ दीप जलाने का अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा में आशा की किरण और जीवन में उत्साह का संचार है।
यह दीपावली सभी के जीवन में नई उम्मीदें और खुशियां लेकर आए, यही कामना है।