भारत आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, और पूरे देश में उत्सव का माहौल है। हर भारतीय इस दिन को उत्साह से मनाता है। 1947 में आज ही के दिन भारत को 200 साल की ब्रिटिश गुलामी से आजादी मिली थी। यह दिन स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों, देश की प्रगति और एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी लगातार 12वीं बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस बार का विषय ‘नया भारत’ है, जिसका लक्ष्य 2047 तक भारत को समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बनाने के लिए 5000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें स्पेशल ओलंपिक 2025 के खिलाड़ी, किसान, सरपंच, युवा लेखक और स्वच्छता कर्मी शामिल हैं। समारोह में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाया जाएगा और राष्ट्रगान बजाने वाले बैंड में पहली बार अग्निवीरों को शामिल किया जाएगा।
देशभर से 85 सरपंच इस समारोह में शामिल होंगे। पूरे भारत में स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जाएगा। कर्तव्य पथ पर शानदार झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी और सेना का पराक्रम दिखाया जाएगा। लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 11,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। आसपास की इमारतों पर स्नाइपर्स भी तैनात किए गए हैं।
लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम के कारण, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों में बदलाव किया है। सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले के आसपास का क्षेत्र बंद रहेगा।