केरल के त्रिशूर स्थित गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर में फैशन इन्फ्लुएंसर जैस्मीन जाफर के एक वीडियो बनाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। जैस्मीन ने मंदिर के तालाब में पैर धोते हुए एक वीडियो बनाया था, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया था। इसके बाद उनकी आलोचना हुई। मंदिर प्रशासन ने भी वीडियो का विरोध किया।
जैस्मीन के खिलाफ मंदिर प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुरुवायुर देवास्वोम ने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जैस्मीन जाफर ने मंदिर की परंपराओं का उल्लंघन किया है और इससे तालाब अपवित्र हो गया। विवाद बढ़ने पर जैस्मीन ने माफी मांगी और वीडियो हटा दिया।
देवस्वोम प्रशासक ओबी अरुण कुमार ने कहा कि यह एक पवित्र तालाब है, जहाँ मंदिर में अनुष्ठान किए जाते हैं। देवस्वोम की शिकायत में कहा गया है कि वीडियो उस स्थान पर शूट किया गया था जहां वीडियो बनाने पर हाईकोर्ट ने प्रतिबंध लगा रखा है। घटना के बाद, मंदिर अधिकारियों ने मंदिर के शुद्धिकरण का फैसला किया और सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक दर्शन बंद कर दिए। शुद्धिकरण के बाद भक्तों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अनुष्ठानों में छह दिनों की पूजा होगी, जिसमें 18 पूजाएं और 18 शैलियां शामिल होंगी। श्रद्धालुओं से प्रतिबंधों में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है। जैस्मीन ने छह दिन पहले यह वीडियो बनाया था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया और माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें प्रतिबंधों की जानकारी नहीं थी।