रांची: CM Hemant Soren ने शुक्रवार को धनबाद जिले की तोपचांची झील को विकसित करने के लिए विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को सुझाव और दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पर्यटन विकास की कार्ययोजना का पीपीटी प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। सीएम ने कहा कि झारखंड को पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने के लिए पर्यटन, वन, और नगर विकास विभागों को मिलकर प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।
पर्यटन स्थलों से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें, इसका ध्यान रखा जाए: CM Hemant Soren
उन्होंने जोर दिया कि पर्यटन स्थलों से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें, इसका ध्यान रखा जाए। तोपचांची झील को एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनाने के लिए राज्य सरकार बेहतर कार्ययोजना के तहत आगे बढ़ रही है। बैठक में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, पर्यटन निदेशक अंजली यादव और परामर्शी कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
विकास की योजना:
- तोपचांची झील के आसपास 33 एकड़ भूमि पर रिजॉर्ट, जंक्शन, प्लाजा, एक्टिविटी पार्क, सेंट्रल पार्क, नेचर पार्क, मोटर स्पोर्ट्स पार्क, म्यूजिक पार्क, फूड प्लाजा और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं बनाई जाएंगी।
- झील में बोटिंग और गो-कार्टिंग जैसी गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
- पर्यटन स्थलों से स्थानीय लोगों को रोजगार देने की प्राथमिकता होगी।
झारखंड में पर्यटन की असीम संभावनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि इन प्रयासों से राज्य की पहचान एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगी।