झारखंड को नक्सलवाद और उग्रवाद से मुक्त करने की दिशा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के 9 उग्रवादियों ने लातेहार जिले में 12 अत्याधुनिक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। इनमें से पांच उग्रवादियों पर 23 लाख रुपये से अधिक का इनाम घोषित किया गया था।
नक्सली और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ झारखंड में बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल लगातार कार्रवाई करते हुए इन्हें ढेर कर रहे हैं और कई उग्रवादी आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं। इस कड़ी में लातेहार जिले से खबर आई है, जहां पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जेजेएमपी के 9 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
उग्रवादियों ने 04 AK-47, 01 AK-56, 03 एसएलआर, 02 .303 राइफल, 01 सेमी राइफल सहित कुल 12 अत्याधुनिक हथियार पुलिस को सौंपे, साथ ही 1782 गोलियां और 26 मैगजीन भी जमा की। आत्मसमर्पण करने वाले 9 में से पांच उग्रवादियों पर सरकार ने कुल 23 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इनमें जोनल कमांडर रविंद्र यादव भी शामिल है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। रविंद्र के खिलाफ 14 मामले दर्ज हैं और उसने 02 AK-47, एसएलआर सहित 03 राइफल और 17 मैगजीन के साथ आत्मसमर्पण किया। जेजेएमपी के सब जोनल कमांडर अखिलेश यादव पर भी 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जिनके खिलाफ 10 केस दर्ज हैं। अखिलेश ने 01 एके-47 राइफल, 258 गोलियां और तीन मैगजीन के साथ सरेंडर किया।
सब जोनल कमांडर बलदेव गंझू उर्फ अमरेश गंझू उर्फ भगत जी पर भी 5 लाख का इनाम घोषित था। भगत के खिलाफ लातेहार जिले में 9 मामले दर्ज हैं। सब जोनल कमांडर मुकेश राम और कल्लू उर्फ रवि पर भी 5 लाख का इनाम घोषित था। रवि के विरुद्ध लातेहार जिले में 21 कांड दर्ज हैं। पवन उर्फ राम प्रसाद महतो जेजेएमपी के सब जोनल कमांडर थे, जिनके ऊपर 3 लाख का इनाम घोषित था। उन्होंने एक एसएलआर के साथ आत्मसमर्पण किया।
ध्रुव उर्फ राजू राम JJMP के एरिया कमांडर थे, जिनके खिलाफ तीन केस दर्ज हैं। उन्होंने एक सेमी राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया। विजय यादव और श्रवण सिंह उर्फ पारस ने भी आत्मसमर्पण किया। आईजी ऑपरेशन, माइकल राज एस ने कहा कि यह झारखंड राज्य के गठन के बाद सबसे बड़ी कामयाबी है। उन्होंने कहा कि 2025 के अंत तक झारखंड को नक्सल मुक्त करना है।