धनबाद में हिन्दू जागरण मंच द्वारा झरिया स्थित श्याम मंदिर परिसर में अखंड भारत स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला संयोजक किशोर झा ने की। मुख्य अतिथि, हिन्दू जागरण मंच झारखंड के प्रांत संयोजक विक्रम शर्मा जी ने कहा कि अखंड भारत केवल हमारा सपना ही नहीं है, बल्कि आँखों में तैरता हुआ जीवंत ज्वाला है। उन्होंने कहा कि हम एक दिन अखंड भारत हासिल करेंगे। सिंधु से रावी तट तक सब कुछ हमारा है, जो हमारी भारतभूमि का अभिन्न अंग है। देश के विभाजन का दर्द हम कभी नहीं भूल सकते, क्योंकि स्वतंत्रता काल में लाखों लोगों ने दंगों में अपनी जान गंवाई। एक मूर्खतापूर्ण निर्णय ने न जाने कितनी मांग के सिंदूर उजाड़ दिए और न जाने कितनी माँओं की कोख सुनी हो गई। जब तक अखंड भारत में भगवा नहीं लहराएगा, तब तक स्वतंत्रता के कोई मायने नहीं हैं। इसलिए, हम सबने मिलकर अखंड भारत बनाने का प्रण लिया है।
भारत हमारे लिए सिर्फ एक भूमि का टुकड़ा नहीं है, बल्कि देव भूमि है, और हमारा राष्ट्र ही हमारा प्राण है। भगवान राम ने रावण को मारकर और लंका को मिट्टी में मिलाकर धर्म की स्थापना की, जबकि भगवान कृष्ण ने कंस को मारकर और पांडवों का साथ देकर धर्म की स्थापना की। हमें धर्म का साथ देना चाहिए। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि अगली सदी तक राष्ट्र की पूजा करो, क्योंकि राष्ट्र ही तुम्हारा भगवान है। यदि राष्ट्र की सीमाएँ सुरक्षित रहीं, तभी हमारे गीता, रामायण, वेद, पुराण और धर्म की रक्षा हो सकेगी। इसलिए राष्ट्र ही हमारे लिए पहला धर्म है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने दुश्मनों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। आज यह साबित हो गया है कि नरेंद्र मोदी के हाथों भारत बिल्कुल सुरक्षित है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, झरिया नगर के संघचालक डी एन पांडेय, धनबाद विभाग सह कार्यवाह पंकज, हिन्दू जागरण मंच के प्रांत सह संयोजक मनोज सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र चौधरी, और राजकुमार अग्रवाल ने भी अखंड भारत पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर रौनक चौहान, कुणाल सिंह, करण झा, शिव कुमार अग्रवाल, संतोष कुमार गुप्ता, अवधेश साहू, अजय वर्मा, गिरजा सिंह, अनिल देव, जितेंद्र शर्मा, राज विश्वकर्मा, चंदन गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।