भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू को झारखंड प्रदेश बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। अपनी नियुक्ति पर साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया और कहा कि पार्टी और राष्ट्रीय हित उनके लिए सर्वोपरि हैं। वे ईमानदारी, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ बीजेपी की सेवा करते रहेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह नियुक्ति की है। साहू पूर्व सांसद रवींद्र कुमार राय की जगह लेंगे, जिन्हें पिछले साल अक्टूबर में विधानसभा चुनावों से पहले यह प्रभार सौंपा गया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को हराकर सत्ता हासिल की थी। साहू को 2022 में राज्यसभा के लिए नामित किया गया था और वे निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए थे।
रवींद्र कुमार राय को एक साल के भीतर ही हटाए जाने का फैसला राज्य इकाई को पुनर्गठित करने और राज्य में संगठनात्मक तंत्र को मजबूत करने के प्रयास को दर्शाता है। कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर साहू ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया।
साहू ने रांची में कहा, “मैं 1980 से ही बीजेपी कार्यकर्ता हूं और ईमानदारी, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ पार्टी की सेवा करता रहूंगा। मेरे लिए पार्टी और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होंगे।”
नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि वे नई जिम्मेदारी पर खरा उतरेंगे। उन्होंने संगठन के शीर्ष नेताओं के प्रति आभार जताया और कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के भरोसे पर खरे उतरेंगे।
साहू ने अपने शुरुआती संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि 1980 में जब वे मैट्रिक के छात्र थे तो उन्हें चुनाव के दौरान पर्ची काटने का काम दिया गया था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष बनाया और कई बार प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाए रखा। उन्होंने झारखंड प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री के रूप में भी काम किया है।
ओबीसी वर्ग से आने वाले आदित्य साहू को झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर बीजेपी नेतृत्व ने राज्य में ओबीसी वर्ग को वोट बैंक के रूप में साधने की कोशिश की है। साहू रांची के कूचु गांव के रहने वाले हैं और चार दशकों से बीजेपी से जुड़े हुए हैं। उनकी जनता के बीच गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे बीजेपी के राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने लंबे समय तक बच्चों को पढ़ाने का भी काम किया।