झारखंड के खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय लड़की की उसके प्रेमी ने घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी। प्रेमी ने लड़की की मां के सामने ही उस पर हमला किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी प्रेमी प्रेमचंद साहू को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, प्रेमचंद साहू और लड़की की दोस्ती सोशल मीडिया पर हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों लगभग चार महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे, लेकिन लड़की को पता चला कि प्रेमचंद पहले से शादीशुदा है। जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और प्रेमचंद ने लड़की को पीटना शुरू कर दिया। तंग आकर लड़की 6 सितंबर को घर वापस आ गई।
शनिवार, 20 सितंबर को प्रेमचंद लड़की के घर पहुंचा और उसे अपने साथ चलने के लिए ज़बरदस्ती करने लगा। मना करने पर उसने लड़की और उसकी मां पर हमला कर दिया और चाकू से वार कर लड़की की हत्या कर दी।