झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन को रांची के लालपुर स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया है। यह कार्रवाई सिटी डीएसपी के माध्यम से की गई। दरअसल, सोरेन प्रस्तावित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान-2 (रिम्स-2) की जमीन विवाद को लेकर नगड़ी में हल चलाने वाले थे, जहां हजारों लोगों के प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना थी। हालांकि, उन्हें प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।
चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि झारखंड सरकार ने उन्हें नगड़ी के आदिवासी/मूलवासी किसानों की आवाज उठाने से रोकने के लिए हाउस अरेस्ट किया है। भाजपा नेता ‘हल जोतो, रोपा रोपो’ कार्यक्रम के तहत नगड़ी में रिम्स-2 की भूमि पर हल चलाकर विरोध करने वाले थे। प्रशासन ने नगड़ी और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सिटी डीएसपी केवी रमण ने भी इसकी पुष्टि की है।
यह उल्लेखनीय है कि नगड़ी और आसपास के गांवों में रिम्स-2 के लिए चिह्नित जमीन पर खेती करने से रैयतों को रोके जाने और कांटेदार तारों से घेराबंदी किए जाने को लेकर ग्रामीणों में रोष है। ‘नगड़ी जमीन बचाओ संघर्ष समिति’ के आह्वान पर ग्रामीण कई दिनों से आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन का अधिग्रहण बहुत पहले किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य न होने के कारण इस पर रैयतों का दावा है।