झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित दिशा की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मंत्री और रांची के विधायक सीपी सिंह और एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के बीच तीखी बहस हो गई। यह घटनाक्रम ATI सभागार में हुआ, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। विधायक सीपी सिंह ने एसएसपी पर अतिक्रमण हटाने और चालान काटने में भेदभाव का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चंदन कुमार सिन्हा एक विशेष वर्ग को छोड़कर जाति और धर्म के आधार पर कार्रवाई करते हैं। इस पर एसएसपी ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच मंच पर ही नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हस्तक्षेप किया और दोनों को शांत कराया।
सीपी सिंह ने आरोप लगाया कि रांची में अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई में भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब दुकानदारों पर कार्रवाई होती है, लेकिन मेन रोड पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
बैठक में रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची के विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, मांडर विधायक सह कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची के उपायुक्त और एसएसपी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।