रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को आरआर स्पोर्टिंग क्लब, रातु रोड और पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति हरमू, रांची में दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर राज्य के सभी लोगों की सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हर साल की तरह इस साल भी दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। बारिश के बीच सभी भक्तजन उमंग और उत्साह के साथ दशहरा मना रहे हैं। उन्होंने झारखंड के सभी लोगों और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और झारखंड प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।