रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को आरआर स्पोर्टिंग क्लब, रातु रोड और पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति, हरमू, रांची में दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाया और सभी राज्यवासियों के लिए सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर साल की तरह, इस साल भी दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। बारिश के बीच सभी भक्तजन उत्साह के साथ दशहरा मना रहे हैं। मैं झारखंड के सभी निवासियों और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और झारखंड प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।