दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को 10 दिनों बाद बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट आई है। मौसम विभाग ने नया पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली में आज की तरह कल भी मौसम रहने वाला है। कल भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 20 तारीख को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जिसके बाद 23 तारीख तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में, मौसम विभाग ने आज पश्चिमी और पूर्वी भागों के कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। दोनों हिस्सों में गरज और बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 23 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर, मधुबनी और दरभंगा में भारी बारिश हो सकती है। कई जिलों में आकाशीय बिजली और वज्रपात होने की भी संभावना है।
झारखंड के लगभग सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अनुमान है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश हो सकती है। राजस्थान में बारिश की कम संभावना है।
उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का कहर देखने को मिल सकता है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, नैनीताल के लिए अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में आज बारिश की संभावना कम है।