धनबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। तेतुलमारी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की गोलीबारी में कुख्यात प्रिंस खान का एक गुर्गा घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह घटना तिलाताड़ जंगल में स्थित वाटर प्लांट के पास हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इस इलाके में बैठकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना की पीसीआर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाश भानु मांझी ने पुलिस की गाड़ी पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसके परिणामस्वरूप भानु मांझी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे दबोच लिया और तत्काल धनबाद के असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल से एक बाइक और हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस मुठभेड़ की खबर मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि घायल भानु मांझी एक खूंखार अपराधी है और वह फरार चल रहे प्रिंस खान के लिए काम करता था। उसके खिलाफ जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में राजगंज पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी की घटना में भी वह शामिल था। पुलिस अब भानु मांझी से पूछताछ कर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।