रांची, झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में स्थित धुर्वा डैम में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां तीन पुलिसकर्मियों के शव बरामद हुए। यह हादसा शुक्रवार देर रात हुआ जब प्रिंसिपल जिला जज, जमशेदपुर के दो बॉडीगार्ड और एक सरकारी ड्राइवर अपनी कार से धुर्वा डैम के पास से गुजर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर सीधे धुर्वा डैम में जा गिरा, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात तेज रफ्तार वाहन के डैम में गिरने की आवाज सुनी थी।
सूचना मिलते ही धुर्वा और नगड़ी पुलिस तुरंत हरकत में आई। स्थानीय नागरिकों, गोताखोरों और पुलिस के संयुक्त अथक प्रयासों से लगभग 2 से 3 घंटे की मशक्कत के बाद कार को डैम से बाहर निकाला गया। कार से तीन पुलिसकर्मियों के शवों के साथ उनके सरकारी हथियार भी बरामद हुए।
हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने पुष्टि की कि वाहन के नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों को अपनी जान गंवानी पड़ी। बचाव अभियान के बाद शवों को डैम से बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किस कारण से वाहन अनियंत्रित हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मी स्विफ्ट कार में ज्यूडिशियल एकेडमी से धुर्वा डैम की ओर जा रहे थे। बरामद कार की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

.jpeg)


