त्योहारों और समारोहों में डीजे बजाने का चलन अक्सर देखा जाता है, लेकिन कई बार यह शौक हादसों और विवादों का कारण बन जाता है। झारखंड की राजधानी रांची में एक ऐसा ही हृदय विदारक मामला सामने आया है। चान्हो थाना क्षेत्र के पाटुक बाजोटोली गांव में डीजे की कथित तेज आवाज के कारण दो महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

पीड़ित पिता बंधन लोहरा ने चान्हो थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर उनके घर के पास डीजे पर बहुत तेज़ आवाज़ में गाने बजाए जा रहे थे। परिवार के लोगों ने डीजे की आवाज़ धीमी करने का अनुरोध किया, लेकिन आयोजकों ने उनकी बात अनसुनी कर दी। लगातार तेज़ शोर के कारण परिवार परेशान था, और इसी बीच बंधन लोहरा की दो महीने की बेटी सोनाक्षी कुमारी की हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में बच्ची ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद, गुस्से में पिता ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई। यह घटना रांची में चर्चा का विषय बन गई है, और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि कब तक त्योहारों की आड़ में डीजे की तेज़ आवाज़ लोगों की जान और शांति को प्रभावित करती रहेगी।





