शारदीय नवरात्रि के आगमन के साथ ही पूरा देश भक्ति में डूबा हुआ है। झारखंड की राजधानी रांची में भी एक से बढ़कर एक थीम पर आधारित दुर्गा पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। रांची के बकरी बाजार में भारतीय युवक संघ ने कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर की तर्ज पर मां दुर्गा का भव्य पंडाल बनाया है।
इसी बीच, रांची के रातू रोड में इटली के रोम स्थित वेटिकन सिटी के चर्च की थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल बनाया गया, जिसके उद्घाटन से पहले ही विवाद खड़ा हो गया। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने इस पर आपत्ति जताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और सवाल उठाया कि यह पूजा घर है या चर्च? उन्होंने आरोप लगाया कि पंडाल को JMM नेता विक्की यादव के नेतृत्व में धर्मांतरण का अड्डा बनाया जा रहा है।
पंडाल के अंदर कैथोलिक धर्मगुरुओं की तस्वीरें और बाहरी हिस्से में ईसाई प्रतीकों के साथ लोगों को दर्शाया गया है। VHP ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ बताया। इस पंडाल को लगभग 70 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है।
विवाद बढ़ने के बाद, आरआर दुर्गा पूजा समिति ने उन चीजों को हटा दिया जिन पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई थी, ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।