रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में सरकार करेगी सहयोग- सीएम
रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित “ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025” (Defence Expo) के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि यह राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा राजधानी रांची के वीर टाना भगत इंडोर स्टेडियम परिसर खेलगांव में “ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025” का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन रक्षा क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने की दिशा में एक अनूठी पहल है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस आयोजन के उद्देश्यों को पूरा करने में सफलता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने देश को बहुत कुछ दिया है, और यहां रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
झारखंड में उद्योग विस्तार की संभावनाएं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड संभावनाओं का प्रदेश है। यहां रक्षा क्षेत्र में उपयोग होने वाले कच्चे माल प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, साथ ही यूरेनियम की भी पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि कई बड़े उद्योग संस्थान यहां स्थापित हुए हैं और राज्य ने उद्योग के विस्तार में भी देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। कई छोटे-बड़े उद्योग यहां फले-फूले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार गलत नीतियों के कारण कुछ चीजें समाप्त होती नजर आती हैं। उन्होंने एचईसी जैसे संस्थानों का उदाहरण दिया, जो रांची में स्थापित हैं और देश की कई अन्य औद्योगिक इकाइयों को आगे बढ़ाने में सहायक रहे हैं। एचईसी सैटेलाइट और परमाणु घटकों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचईसी की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है और यह देखकर दुख होता है कि इतना बड़ा संस्थान उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है।
राज्य सरकार का पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए और आपसी सहयोग से औद्योगिक संस्थानों को आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि राज्य और देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि मिलकर प्रयास करने से डिफेंस से जुड़े इंडस्ट्री सेक्टर में नए आयाम जोड़े जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख की उपस्थिति को सौभाग्य बताया। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डिफेंस सेक्टर को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
डिफेंस एक्सपो का अवलोकन
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने डिफेंस एक्सपो का अवलोकन किया। इस डिफेंस एक्सपो में देशभर से रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, औद्योगिक संस्थान, तकनीकी संस्थान और लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख (सीडीएस) अनिल चौहान, मुख्य सचिव, झारखंड अलका तिवारी, पूर्वी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी, पूर्वी कमान एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ सूरत सिंह, रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।