मुख्यमंत्री का कहना है कि सरकार रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करेगी।
रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित “ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025” (डिफेंस एक्सपो) के उद्घाटन समारोह में भाग लिया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा राजधानी रांची के वीर टाना भगत इंडोर स्टेडियम परिसर खेलगांव में “ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025” का ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन अपने आप में एक विशेष कार्यक्रम है, जिसमें रक्षा क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस आयोजन के उद्देश्यों को पूरा करने में सफलता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने देश को बहुत कुछ दिया है, और इस राज्य में रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के विस्तार की भी प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र के साथ पूरा सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड संभावनाओं का प्रदेश है। यहां रक्षा क्षेत्र में उपयोग होने वाले कच्चे माल प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यहां पर्याप्त मात्रा में यूरेनियम भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कई बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं। उद्योग के विस्तार में भी इस राज्य की देश में अलग पहचान रही है। कई छोटे-बड़े उद्योग यहां फले-फूले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार गलत नीति निर्धारण के कारण कुछ चीजें समाप्त होती नजर आती हैं। हम सभी जानते हैं कि एचईसी जैसा उद्योग रांची में स्थापित है। इस संस्थान के सहयोग से देश के भीतर कई अन्य औद्योगिक संस्थाएं आगे बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि एचईसी सैटेलाइट और परमाणु कॉम्पोनेंट्स बनाने में भी अहम भूमिका निभाता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचईसी की स्थिति आज बहुत अच्छी नहीं है, यह जानकर काफी दुख होता है कि आखिर किस वजह से इतना बड़ा उद्योग संस्थान आज उम्मीद के अनुरूप खरा नहीं उतर पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को समन्वय स्थापित करके आपसी सहयोग से उद्योग संस्थाओं को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए ताकि उद्योग के क्षेत्र में राज्य और देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सके। उन्होंने कहा कि मिलजुल कर प्रयास करने से डिफेंस से जुड़े इंडस्ट्री सेक्टर में नए आयाम जोड़े जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख आज हमारे बीच उपस्थित हैं। एमएसएमई के क्षेत्र में भी उनके द्वारा किया जा रहा प्रयास एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से डिफेंस सेक्टर को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों और रक्षा मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों ने डिफेंस एक्सपो का अवलोकन किया। इस डिफेंस एक्सपो में देशभर से रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, औद्योगिक संस्थान, तकनीकी संस्थान और लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख (सीडीएस) अनिल चौहान, मुख्य सचिव, झारखंड अलका तिवारी, पूर्वी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी, पूर्वी कमान एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ सूरत सिंह, रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।