पूर्वी सिंहभूम जिले की 45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने स्पष्ट बढ़त बना ली है। छठे राउंड की गिनती पूरी होने तक सोमेश सोरेन ने 27,467 वोट हासिल किए हैं, जिससे वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बाबूलाल सोरेन से 6,217 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को अब तक 21,250 वोट प्राप्त हुए हैं।

अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के रामदास मुर्मू काफी पीछे चल रहे हैं, जिन्हें 6,061 मत मिले हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में डॉ. श्रीलाल किस्कू को 431, मानस राम हांसदा को 394, विकास हेम्ब्रम को 264 और मनोज कुमार सिंह को 137 वोट मिले हैं। भारत आदिवासी पार्टी के पंचानन सोरेन को 239 मत मिले हैं, जबकि पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) की पार्वती हांसदा को 106 वोट प्राप्त हुए हैं। कई अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों के वोटों की संख्या 100 से भी कम है। उल्लेखनीय है कि ‘नोटा’ (None of the Above) को अब तक 827 मतदाताओं ने चुना है। मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम जल्द ही घोषित होने की उम्मीद है।






