रांची। झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निजी अस्पतालों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मरीजों के बेहतर इलाज के लिए आधुनिक और विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए सरकारी और गैर-सरकारी स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सोच के साथ, अरम आई हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को इरबा स्थित अब्दुर्रज्जाक अंसारी मेमोरियल अस्पताल परिसर में अरम आई हॉस्पिटल के उद्घाटन के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल की स्थापना से नवीनतम तकनीक के माध्यम से लोगों की आंखों का इलाज संभव हो पाएगा। आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं और उनकी देखभाल अत्यंत आवश्यक है। अस्पताल के प्रबंध निदेशक इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि स्वस्थ आंखों का होना जीवन के लिए आवश्यक है। खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि आंखों की बढ़ती बीमारियों को देखते हुए, यह अस्पताल एक सराहनीय पहल है। कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि निजी अस्पतालों के खुलने से सुविधाएं बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा का सीधा लाभ मरीजों को मिलता है।
अब्दुर्रज्जाक अंसारी मेमोरियल वीवर्स हॉस्पिटल के संस्थापक सईद अहमद अंसारी ने बताया कि यहां शंकर नेत्रालय चेन्नई और अरविंद हॉस्पिटल मुंबई के प्रशिक्षित विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर छोटानागपुर रीजनल हैंडलूम वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अनवार अहमद अंसारी ने कहा कि अस्पताल में किफायती दरों पर आधुनिक उपकरणों से इलाज किया जाएगा। उन्होंने सभी मेहमानों का स्वागत किया और धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में जावेद अंसारी, फिरोज अहमद अंसारी, फैयाज अंसारी, डॉ. पी.एन. सिंह, डॉ. मुकेश, डॉ. हिदायत, असगर अंसारी, आबिद अंसारी, अधिवक्ता जमील अंसारी, नसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर और अन्य लोग उपस्थित थे।