झारखंड की राजधानी रांची में पिछले लगभग 20 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण रांची की सड़कें और कई मोहल्लों की गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। कई सड़कों पर इतना जलजमाव है कि गाड़ियां सड़क के बजाय तालाब में चल रही हैं। लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी सिस्टम फेल हो गए हैं। मोहल्लों में लोगों को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट और 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने तेज बारिश के दौरान व्रजपात से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रविवार की देर शाम रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के हेसलपिरी गांव में व्रजपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बाल गोविंद महतो और उदयनाथ महतो के रूप में हुई है। घटना तब हुई जब दोनों ग्रामीण अपनी मवेशियों को लेकर घर लौट रहे थे।