रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड विधानसभा में गुरुवार को विभिन्न दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए राज्य सरकार के तीन कर्मचारियों – कांस्टेबल स्व० अजीत कुमार (जिला पुलिस बल गुमला), आरक्षी स्व० अनिल कुमार झा (जिला पुलिस बल सरायकेला) और शिक्षक स्व० सुशील कुमार मरांडी (राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित), जिला जामताड़ा के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार में कार्यरत जो कर्मचारी सेवा के दौरान किसी भी दुर्घटना में मारे गए हैं, उनके परिवारों के साथ हमारी सरकार हमेशा खड़ी है। दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को सम्मानपूर्वक उनका पूरा हक दिलाने का काम किया जा रहा है, इसी कड़ी में आज राज्य सरकार के तीन दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपये की राशि का चेक सम्मानपूर्वक प्रदान किया गया।
दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री महोदय को आज हम सभी आश्रित परिवार धन्यवाद देते हैं। राज्य सरकार के प्रयास से आज स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की विशेष बीमा कवरेज योजना के अंतर्गत हम सभी आश्रित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि का आकस्मिक लाभ प्रदान किया गया है, जिससे परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री डॉ० इरफान अंसारी, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की ओर से झारखंड के हेड एवं महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक प्रशासनिक कार्यालय रांची मनोज कुमार तथा मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे सहित अन्य उपस्थित थे।