झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। जराईकेला क्षेत्र के तिरलपोसी और दीघा के जंगलों में शुक्रवार को अभियान के दौरान IED विस्फोट हुआ, जिसमें CRPF के दो जवान घायल हो गए। ये जवान कोबरा 209 बटालियन के थे, जिनकी पहचान रामप्रवेश सिंह और छोटू कच्छप के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट करके रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान नक्सलियों के तीन बंकरों को भी ध्वस्त किया और उनके सामान जब्त किए। इससे पहले, 12 अप्रैल को भी इसी इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में IED विस्फोट हुआ था, जिसमें झारखंड जगुआर के जवान शहीद हो गए थे।






