
गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नए प्रखंड कार्यालय का सोमवार को धूमधाम से उद्घाटन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। केंद्रीय समिति के सदस्य अजीत कुमार पप्पू और पूर्व विधायक केदार हाजरा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान, जिला और प्रखंड स्तर के झामुमो के वरिष्ठ नेताओं को गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित भी किया गया। प्रखंड सचिव रोजन अंसारी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए, केंद्रीय समिति सदस्य अजीत कुमार पप्पू ने कहा कि यह नवनिर्मित कार्यालय क्षेत्र की जनता की समस्याओं और सुविधाओं के निराकरण के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि लोग अपनी परेशानियों को यहां दर्ज करा सकते हैं, जिन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं, पूर्व विधायक केदार हाजरा ने राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली “अबुआ सरकार” गरीबों और आम लोगों के हितों को सर्वोपरि रखती है। उन्होंने हाल ही में हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने की सरकार की पहल का भी उल्लेख किया। केदार हाजरा ने “आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान के तहत पंचायतों में आयोजित जनसुनवाई शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के मौके पर समाधान के प्रयासों को भी रेखांकित किया।
इस उद्घाटन समारोह में अजीत कुमार पप्पू, केदार हाजरा, नगर समिति अध्यक्ष रॉकी सिंह, जिला सह सचिव चीना खान, जमुआ प्रखंड अध्यक्ष रंजीत राम, देवरी प्रखंड झामुमो अध्यक्ष मुजाहिद अंसारी, प्रखंड सचिव रोजन अंसारी, उपाध्यक्ष मुकेश रजक, कोषाध्यक्ष विजय वर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमित्रा रजक, सचिव देवंती भारती, एससी मोर्चा अध्यक्ष भोला पासवान, पंचायत अध्यक्ष लियाकत अंसारी, मनोज कुमार पांडेय, मुस्लिम अंसारी, राजू यादव, मनोज महथा, सुलेमान अंसारी, तैयब अंसारी, ताहिर हुसैन, मो कलाम, हर्ष सिंहा, संजय यादव, नियाज़ अंसारी, रईस कौशर सहित सैकड़ों झामुमो नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






