रांची: झारखंड आज अपना 25वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे राज्य में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य के सभी नागरिकों को 25वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल गंगवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा, “झारखंड आज अपने स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है, जो विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रमाण है। मैं राज्य के सभी लोगों के सुख, समृद्धि और प्रदेश की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।”
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा, “आज का दिन हमारे पुरखों के संघर्ष, बलिदान और आत्मसम्मान को नमन करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। धरती आबा बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और फुलो-झानो जैसे महान वीरों की विरासत से प्रेरित होकर हमारा झारखंड आज विकास, संस्कृति और अपनी अनूठी पहचान के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हमारी ‘अबुआ सरकार’ हर मां के सम्मान, बच्चों की शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और परिवारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से संकल्पित है।”
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस शुभ अवसर पर कहा, “अपने नैसर्गिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और अपार खनिज संपदा से परिपूर्ण हमारा प्रिय झारखंड अद्भुत विविधताओं का एक अनूठा संगम है। झारखंड की भूमि पर जनजातीय वीरों के त्याग, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाएं आज भी हमारी युवा पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा देती हैं। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि हमारा झारखंड निरंतर विकास की राह पर अग्रसर रहे, नई ऊंचाइयों को छुए और प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली और समृद्धि का वास हो।”
.jpeg)



.jpeg)
