झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। पलामू पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर, टीएसपीसी के 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत गंझू को पकड़ने के लिए मनातू थाना क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया। मंगलवार देर रात पुलिस जब कमांडर शशिकांत गंझू के घर पहुंची, तो वहां मौजूद नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तीन पुलिस जवान घायल हो गए, जिनमें से दो जवानों ने अपनी जान गंवा दी। घायल जवान का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है। शहीद हुए दोनों जवान पलामू जिले के ही रहने वाले थे।
शहीद जवानों की पहचान सुनील राम और संतन मेहता के रूप में हुई है। घायल जवान रोहित कुमार हैं। दोनों शहीद जवान पलामू जिले के ही थे। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले अप्रैल में बोकारो जिले में एक करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर सहित 8 नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था।