झारखंड के चतरा जिले में एक भयावह घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने पहले पीड़ित की जीभ काटी और फिर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। यही नहीं, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जला भी दिया। मृतक की पहचान धर्मदेव उरांव के रूप में हुई है।
यह घटना टंडवा थाना क्षेत्र के खूंटीटोला गांव की है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक पर ओझा-गुणी करने का आरोप लगाया गया था, जिसके चलते यह हत्या की गई। कुछ महीने पहले मृतक के पड़ोस में रहने वाले एक युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसके परिजन धर्मदेव को ही इसका जिम्मेदार ठहरा रहे थे। पुलिस का मानना है कि इस हत्याकांड में लगभग आधा दर्जन लोग शामिल थे।