मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन रांची महिला महाविद्यालय के साइंस ब्लॉक स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित ‘करम पूजा महोत्सव-2025’ में शामिल हुए। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अखरा में स्थापित करम डाली के समक्ष पूजा-अर्चना की और झारखंड के सभी लोगों के लिए सुख, समृद्धि, शांति, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी इस धरती की परंपराओं और संस्कृति से जुड़े हैं। सभी वर्गों के लोग अपनी रीति-रिवाजों और संस्कृति के साथ आगे बढ़ते हैं। आदिवासी समाज के लोग करम पर्व के अवसर पर इस आदिवासी कॉलेज छात्रावास परिसर में करम महोत्सव-2025 मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों ने बारिश के मौसम में भी इस परंपरा का हर्ष और उल्लास के साथ निर्वहन किया, जो प्रकृति के साथ हमारे जुड़ाव का उदाहरण है। करम पर्व हमारी संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते, सामाजिक सद्भाव और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी की इच्छा है कि हमारी आने वाली पीढ़ियां भी इस समृद्ध परंपरा को श्रद्धा और सद्भाव के साथ आगे बढ़ाएं। उन्होंने सभी राज्यवासियों को करम महोत्सव की शुभकामनाएं दी।