झारखंड के कोडरमा में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत-1/25’ नामक 12 दिवसीय राष्ट्रीय एनसीसी शिविर अपने छठे दिन में प्रवेश कर चुका है। यह आयोजन बिहार और झारखंड एनसीसी निदेशालय के तत्वावधान में सैनिक स्कूल तिलैया में आयोजित किया जा रहा है। कुल 601 एनसीसी कैडेट्स आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड जैसे विभिन्न राज्यों से इस राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग ले रहे हैं।
शिविर का संचालन हजारीबाग ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एस. गोपीकृष्णन (सेना मेडल) के मार्गदर्शन और 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विजय कुमार (सेना मेडल) के कुशल नेतृत्व में हो रहा है। कैडेट्स ने सुबह की शुरुआत पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के साथ की, जिसके बाद उन्होंने दिन भर चलने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक गतिविधियों और कार्यशालाओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इस शिविर का एक महत्वपूर्ण आकर्षण बेंगलुरु से आई एक्स्पा ग्रुप (एनसीसी एक्सचेंज पार्टिसिपेंट एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया) की टीम रही। इस टीम ने कैडेट्स को आत्मविश्वास, सार्वजनिक वक्तृत्व, आत्मविश्लेषण और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल पर व्याख्यान दिए। टीम लीडर अनीश राहुल (गाइडबी, बेंगलुरु में लेक्चरर) के साथ अनुश्री, रवि एम, ध्रुव टी.एम., एकता मोहन सावंत, लोहीत देवडीगा, राम प्रभु आर.पी., सुसरूत सरवरी और सतीश काले ने कैडेट्स को प्रेरित किया। उन्होंने एक्स्पा ग्रुप के उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जो एनसीसी कैडेट्स को एक मंच प्रदान करना, युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाना और अंतरराष्ट्रीय समझ को बढ़ावा देना है। अनीश राहुल ने यह भी बताया कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह से निशुल्क है और इसका लक्ष्य एनसीसी छात्रों के बीच महत्वपूर्ण तथ्यों जैसे सेल्फ-एनालिसिस और क्रिटिकल थिंकिंग को विकसित करना है।
शिविर में सांस्कृतिक गतिविधियों का समन्वय सेकंड ऑफिसर अभिजीत आनंद और थर्ड ऑफिसर नवीन चौधरी कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी अधिकारियों और गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर्स के नेतृत्व में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारियां चल रही हैं। पारंपरिक वेशभूषा और कला के प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
शिविर में स्वास्थ्य और अनुशासन की देखरेख 45 झारखंड बटालियन के सूबेदार मेजर अरविंद कुमार कर रहे हैं। प्रशिक्षण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लेफ्टिनेंट संतोष कुमार (शिविर नोडल अधिकारी), सूबेदार बलविंदर सिंह, सूबेदार ए.एन. ठाकुर, सूबेदार चंद्रहास, सूबेदार चंपा मुरमुर, सूबेदार रविंद्र हेबराम, सूबेदार जतरू तिर्की, नायब सूबेदार घसीटाराम (सेना मेडल) सहित 45 झारखंड बटालियन के सभी स्थायी प्रशिक्षक, प्रधान सहायक राजेश कुमार और अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान है। यह शिविर न केवल एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार कर रहा है, बल्कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूती से साकार कर रहा है।