कोडरमा में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत-1/25’ राष्ट्रीय शिविर देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता के रंग बिखेर रहा है। बिहार और झारखंड निदेशालय के तत्वावधान में, हजारीबाग ग्रुप हेडक्वार्टर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एस. गोपीकृष्णन (सेना मेडल) के कुशल मार्गदर्शन और 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार (सेना मेडल) के नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दसवें दिन, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड जैसे विभिन्न राज्यों से आए 601 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह से भाग लिया।
शिविर का मुख्य आकर्षण ‘नेशनल इंटीग्रेशन अवेयरनेस प्रोग्राम’ रहा। इसमें कैडेट्स ने अपने-अपने राज्यों की अनूठी संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों, प्रसिद्ध स्थलों और ऐतिहासिक महत्व को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से साझा किया। ग्रुप डांस, सोलो डांस और ग्रुप सॉन्ग जैसी प्रतियोगिताओं ने कैडेट्स के बीच राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान की भावना को और गहरा किया।
लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, जो व्याख्याता सह एनसीसी ऑफिसर एवं नोडल पदाधिकारी हैं, न केवल सोशल मीडिया पर गतिविधियों को साझा कर रहे हैं, बल्कि कैडेट्स की समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कल्चरल कोऑर्डिनेटर सेकंड ऑफिसर अभिजीत आनंद, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा, प्रियंका कुमारी, लेफ्टिनेंट एलिस मिंज, थर्ड ऑफिसर नवीन चौधरी और अन्य राज्यों से आए 9 एनसीसी ऑफिसर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
सूबेदार मेजर अरविंद कुमार के नेतृत्व में सभी गतिविधियाँ सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। जेसीओ बलविंदर सिंह, सूबेदार जतरू तिर्की, ए.एन. ठाकुर, चंपा मुरमुर, घसीटाराम, रविंद्र हेबराम, चंद्रहास, हवलदार एके मिश्रा, रितेश कुमार, जगन तोपो, दीपक महतो और प्रधान सहायक राजेश कुमार सहित पूरा स्टाफ शिविर की सफलता के लिए समर्पित है। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ राष्ट्रीय शिविर एनसीसी कैडेट्स के लिए न केवल प्रशिक्षण का केंद्र है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मंच भी साबित हो रहा है।