कोडरमा में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ राष्ट्रीय शिविर के नौवें दिन एनसीसी कैडेट्स ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के नायकों की बहादुरी की दास्तां सुनकर प्रेरणा प्राप्त की। सैनिक स्कूल तिलैया में आयोजित इस 12 दिवसीय शिविर में बिहार और झारखंड निदेशालय के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड से आए 601 कैडेट्स ने भाग लिया।
शिविर के मुख्य आकर्षण में 36 झारखंड बटालियन, धनबाद के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संजय कंडवाल (सेना मेडल) का प्रेरणादायक संबोधन रहा। कर्नल कंडवाल, जो स्वयं 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान आतंकवाद विरोधी अभियान का हिस्सा थे, ने कैडेट्स को ताज होटल, ओबेरॉय होटल और नरीमन हाउस पर हुए आतंकी हमलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) ने विषम परिस्थितियों में बंधकों को बचाया और आतंकवादियों का सफाया किया। राष्ट्रपति द्वारा सेना मेडल से सम्मानित कर्नल कंडवाल ने ‘ब्लैक टॉरनेडो’ ऑपरेशन में शहीदों की वीरता, बलिदान और चुनौतियों पर प्रकाश डाला, जिससे कैडेट्स और देशवासियों को गर्व महसूस हुआ।
45 झारखंड बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार (सेना मेडल) ने कर्नल संजय कंडवाल को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और 26/11 ऑपरेशन की जानकारी साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय एकता जागरूकता कार्यक्रम, इंटर-ग्रुप वॉलीबॉल और खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग, सोलो डांस, सोलो सॉन्ग, पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिता की तैयारियाँ भी पूरे जोश से चल रही हैं। शिविर के सफल आयोजन में लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, सूबेदार मेजर अरविंद कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।