कोडरमा जिले में एक दुखद हादसा हुआ है, जहां शैक्षणिक भ्रमण पर जा रही छात्राओं से भरी एक स्कूल बस कोडरमा घाटी में अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में बस में सवार डेढ़ दर्जन से अधिक छात्राएं घायल हो गईं। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ कुमार ने बताया कि विद्यालय की कक्षा 11वीं के लगभग 75 बच्चे शनिवार सुबह शैक्षणिक भ्रमण के लिए राजगीर जा रहे थे। कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास, आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में बस चालक सहित कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही खाई में गिरी बस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत घाटी की पुलिस पेट्रोलिंग टीम को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। प्राचार्य अमिताभ कुमार ने बताया कि विद्यालय हर वर्ष पीएम के तहत बच्चों को विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर शैक्षणिक भ्रमण के लिए ले जाता है। इस दुर्घटना के बाद, भ्रमण को रद्द कर दिया गया और सभी बच्चों को, घायलों के अलावा, वापस विद्यालय भेज दिया गया है।
घायल छात्रा सानिया कुमारी ने बताया कि वे सभी राजगीर भ्रमण को लेकर बहुत उत्साहित थे। सुबह विद्यालय से रवाना होने के बाद, घाटी में अचानक बस ट्रक से टकराई और खाई में गिर गई। घटना के समय अफरातफरी मच गई और छात्राओं की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। उनके साथ चल रही दूसरी बस के छात्र और शिक्षक तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही जिले के उपायुक्त ऋतुराज और अन्य अधिकारी कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्राओं से मिलकर उनका हालचाल जाना। उपायुक्त ऋतुराज ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ छात्राओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अधिकांश को हल्की फुल्की चोटें लगी हैं। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायल बच्चियों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखने को कहा है। कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी चिकित्सकों से बात कर हर संभव स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया और सभी छात्राओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


.jpeg)


.jpeg)
