खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बकसपुर गांव में बुधवार की रात करीब एक बजे जंगली हाथियों ने एक घर पर हमला कर दिया। घर ढहने से उसके मलबे में दबकर मां और उसके बेटे की दुखद मौत हो गई। मृतकों की पहचान एतवारी बारला, जिनकी उम्र 28 वर्ष थी, और उनके चार वर्षीय पुत्र तुलसी बारला के रूप में हुई है। मां और बेटे की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।
घटना की सूचना मिलने पर तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने झामुमो कार्यकर्ताओं को बकसपुर जाने का आदेश दिया। झामुमो के पदाधिकारियों ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वन विभाग को बुलाकर तत्काल मुआवजा राशि दिलवाई। साथ ही, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी ले जाने की व्यवस्था की। मौके पर झामुमो नेताओं ने शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मुखिया पूनम बारला, राहुल केशरी, विनोद उरांव, छत्री हेमरोम, भोला साहू, बाका लकड़ा, अरुण होरो, वन विभाग के अधिकारी, वन समिति और पंचायत सेवक सहित कई लोग मौजूद थे।