
पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज पारा शिक्षक हत्या मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोमा सुन्डी (25), सीनू गौड़ (20) और मंगल कारोवा (20) के रूप में हुई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 नवंबर को टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी बाजार टॉड के पास हुई थी। मृतक पारा शिक्षक मुकरु देवगम (50) पुरना चाईबासा के रहने वाले थे और साप्ताहिक बाजार में शिरकत करने आए थे।
जानकारी के मुताबिक, हंड़िया पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने पारा शिक्षक पर पत्थर और लाठी-डंडों से क्रूर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रायफल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 30 नवंबर को ही ग्राम केंजरा से तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान, तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी स्वीकारोक्ति के आधार पर, पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने पत्थर, लकड़ी का डंडा और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।






