
पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज पारा शिक्षक हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान सोमा सुन्डी (25 वर्ष), सीनू गौड़ (20 वर्ष) और मंगल कारोवा (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुरना चाईबासा निवासी 50 वर्षीय पारा शिक्षक मुकरु देवगम 29 नवंबर को टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी बाजार टॉड पर साप्ताहिक हाट करने पहुंचे थे। बाजार में हंडिया पीने को लेकर आरोपियों के साथ उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से शिक्षक पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रायफल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 30 नवंबर को ही ग्राम केंजरा से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान, तीनों ने पारा शिक्षक की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उनकी स्वीकारोक्ति के आधार पर, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए खून से सने पत्थर, लकड़ी के डंडे और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।




