इस महीने में भी मानसून के पूरी तरह से विदा होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। कई राज्यों में फिर से मानसून दस्तक दे सकता है। आज भी मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालाँकि, दिल्ली में पिछले 10 दिनों से बारिश नहीं हुई है।
मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं जताई है। आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 21 सितंबर तक दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। आज पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी यूपी में कई जगहों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान प्रदेश के दोनों भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। कहीं-कहीं बादल गरजने और बिजली चमकने की भी संभावना है।
बिहार में अगले 72 घंटों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य के कम से कम 9 जिलों में अत्यधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में आंधी तूफान के साथ ही बिजली गिरने की संभावना है। झारखंड के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है। आज झारखंड, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है। मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गोवा में भारी बारिश हो सकती है। अगले 2 दिनों में पंजाब, राजस्थान, गुजरात और बंगाल में भारी बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड में आज भारी बारिश की संभावना है। आज चंपावत, उधम सिंह नगर, देहरादून, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जैसे जिलों में कई जगहों पर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भी आज कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो आज और कल अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और मिजोरम में आज से 21 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। असम-मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम में 18 तारीख तक बारिश रह सकती है।