दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को 10 दिनों के बाद बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश से लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिली। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने नया पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार आज भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली में आज की तरह कल भी मौसम का मिजाज रहने वाला है। कल भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। आज राजधानी में अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने वाला है। कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 20 तारीख को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उसके बाद 23 तारीख तक मौसम साफ रहने वाला है।
उत्तर प्रदेश में, मौसम विभाग ने आज पश्चिमी और पूर्वी भागों के कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। दोनों हिस्सों में बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 23 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर, मधुबनी और दरभंगा में भारी बारिश हो सकती है। कई जिलों में आकाशीय बिजली और वज्रपात होने की संभावना भी है।
झारखंड के लिए आज लगभग सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश देखने को मिल सकती है। राजस्थान में बारिश की कम संभावना है।
उत्तराखंड में फिर से बारिश का कहर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और नैनीताल के लिए अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में आज बारिश की संभावना कम है।