रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में एडचोरो रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। अपराधियों ने स्कूटी सवार युवती मनीषा तिर्की को पीठ में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मनीषा को तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीषा कटहल मोड़ स्थित एक दवा दुकान में काम करती है। शनिवार रात वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर एक सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। लादा चौक के पास सहेली को उतारने के बाद वह एडचोरो की ओर बढ़ी। तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार एक युवक आया और उसने युवती पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से मनीषा सड़क पर गिर पड़ी और आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
मनीषा के भाई बबलू तिर्की ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसकी बहन की लोधमा स्थित बरटोला गांव में शादी तय हुई थी। परिवार वाले मेहमान नवाजी के लिए उसी गांव गए हुए थे। घर लौटने पर उन्हें मनीषा को गोली मारे जाने की दुखद सूचना मिली। उन्होंने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शनिवार रात फायरिंग की इस घटना को तीन बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है।





